भिण्ड , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिलाव में 70 वर्षीय बुजुर्ग रामसिया यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ऊमरी थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि तीन मार्च 2026 को बिलाव गांव में रामसिया यादव की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई थी जब वह शाम के समय बीहड़ क्षेत्र में बकरी चरा रहे थे। फरियादी की शिकायत पर थाना ऊमरी में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी गांव में ही आए हुए हैं और सामान लेकर भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को बिलाव गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी हरेंद्र यादव ने बताया कि वह अपने साथी के साथ नशे की हालत में जा रहा था और दोनों के बीच गाली-गलौज हो रही थी। इसी दौरान खेत के पास बकरी चरा रहे बुजुर्ग ने गाली देने पर आपत्ति जताई, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोपी के अनुसार बहस के दौरान उसे अपने पिता की पुरानी हत्या की घटना याद आ गई और उसने बुजुर्ग पर उसमें भूमिका होने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और नशे की हालत में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पिता प्रताप की लगभग 15 वर्ष पहले हत्या हुई थी। उस मामले में कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था, लेकिन बाद में गवाह पलटने से उन्हें राहत मिल गई थी। पुलिस इस पुराने मामले से मौजूदा हत्या के संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित