अलवर , जुलाई 10 -- राजस्थान में अलवर के खदाना मोहल्ले में गुरुवार रात लूट के दौरान एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह सामान्य चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों कोसौंप दिया गया। मेडिकल बोर्ड में मेडिकल जूरिस्ट डॉ सिद्धार्थ विजयवर्गीय, फिजिशियन डॉ. पीयूष सोनी, सर्जन डॉ. देवेंद्र शर्मा और ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कनक यादव और अन्य चिकित्सक शामिल रहे।
चिकित्सकों ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि बुजुर्ग की हत्या घटना से करीब 24 से 36 घंटे के भीतर हुई प्रतीत होती है। मौत दम घुटने से हुई है। मौत का कारण विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही पता चल पायेगा।
चिकित्सकों ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। गले पर भी कोई स्पष्ट चोट का निशान नहीं पाया गया। ऐसे में मौत के कारणों की पुष्टि के लिए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि लुटेरों ने बुजुर्ग के हाथ पैर और मुंह बांधकर लूटपाट की। बुजुर्ग की मौत का पता गुरुवार रात नौ बजे उस समय चला जब उसका पुत्र विकास अग्रवाल घर आया। तब बुजुर्ग दिनेश के हाथ पैर और मुंह बंधा हुआ था। अलमारी खुली हुई थी। श्री अग्रवाल की हत्या करने के बाद अपराधी लूटपाट करके फरार हो गये। मृतक अपने मकान में अलग रहते थे, जबकि पुत्र अलग किराये के मकान में रहता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित