अलवर , जुलाई 12 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में खदाना मोहल्ला में अकेले रहने वाले बुजुर्ग दिनेशचंद अग्रवाल की घर में घुसकर हत्या और लूटपाट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

थाना प्रभारी रमेश सैनी ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की आज शिनाख्त परेड कराई गई और उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर पूरी वारदात का घटनाक्रम दोहराया गया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे किस रास्ते से घर में घुसे, किस तरह वारदात को अंजाम दिया और घटनास्थल से कैसे फरार हुए। पुलिस ने हत्या के इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस जब आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची तो उन्हें देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मोहल्ले के लोगों में घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की।

आरंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या के बाद घर से हजारों रुपये की लूट भी की। इस निर्मम वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित