जालौन , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्ध आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर ने बुजुर्गों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना और आत्मीय संवाद किया। डीएम ने वृद्धजनों की समस्याएं और आवश्यकताएं पूछने के साथ उनके जीवन के अनुभव भी सुने। बुजुर्गों ने भी जिलाधिकारी से खुलकर बातचीत की और उन्हें आशीर्वाद दिया।

जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को माला पहनाकर, मिष्ठान और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वृद्धजनों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित न रहकर सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कार का हिस्सा होना चाहिए।

डीएम ने आश्रम की व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा बुजुर्गों से स्वयं उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वृद्धजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वृद्ध आश्रम में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। डीएम ने शिविर का निरीक्षण कर नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार और समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित