टिहरी , अक्टूबर, 26 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में जिला पुलिस जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को राशन और खाद्य सामग्री वितरित कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और जरूरतों का ध्यान रखने के साथ ही जरूरतमंद परिवारों की मदद कर जनसेवा की मिसाल पेश कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में सोमवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी घर-घर पहुंचकर बुजुर्गों का हालचाल जान रहे हैं। इस दौरान जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को राशन एवं खाद्य सामग्री वितरित कर पुलिस ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की।

पुलिस की इस पहल के तहत देवप्रयाग, छाम, चंबा, मुनि की रेती, थत्यूड़ और कैम्पटी थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ एवं एकल वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क किया गया। पुलिस टीमों ने उनके स्वास्थ्य, कुशलक्षेम और दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में टिहरी पुलिस उनकी सहायता के लिए तत्पर है। बुजुर्गों से दूरभाष के माध्यम से भी संपर्क कर उनका हालचाल जाना गया।

इसी कड़ी में कोतवाली कैम्पटी और थाना छाम पुलिस ने जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को राशन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की। पुलिस ने ग्राम प्रधानों और ग्राम प्रहरियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में विशेषकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा और कुशलक्षेम पर नजर रखें तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों को संबंधित थानों और हल्का एवं बीट प्रभारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तत्काल संपर्क कर सकें। पुलिस ने उनकी शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित