जालौन , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में कोंच कस्बे के दो पशु व्यापारियों की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा कुठौंद थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर प्वाइंट 232.2 पर हुआ। ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र के अंधेर गांव निवासी शेर सिंह (30) पिकअप वाहन से एक भैंस और उसके बच्चे को लेकर इटावा के परसूपुरा पशु बाजार जा रहा था। वाहन में भैंस मालिक शाहिद (35) तथा नासिर (30) भी सवार थे।
बताया गया कि तेज रफ्तार पिकअप के चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा तीनों घायलों को जिला अस्पताल औरैया भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने शाहिद और नासिर को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक शेर सिंह का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित