जालौन , जुलाई 6 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब छह बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जबकि हेल्पर को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह ने बताया कि हादसा एक्सप्रेसवे के 210.9 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ। ट्रक औरैया से चित्रकूट की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक अब्दुल हमीद (55)निवासी मालेगांव (महाराष्ट्र) घायल हो गए। उनके साथ मौजूद हेल्पर सुभान को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित हैं।

सूचना मिलते ही छिरिया चौकी प्रभारी आलोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक्सप्रेसवे की राहत एवं बचाव टीम ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद यूपीआईडी की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित