मैनपुरी , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली बी.एड. प्रवेश परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि परीक्षा हर हाल में नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन तलाशी ली जाए तथा किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति न दी जाए। परीक्षा अवधि में ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षक और अधिकारी भी मोबाइल फोन परीक्षा कक्ष में नहीं ले जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और प्रत्येक परीक्षार्थी कैमरों की निगरानी में रहे। कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी।
जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे 31 मई को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले जिला कोषागार से प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री पुलिस सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएं तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाएं नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएं।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गर्मी को देखते हुए अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि बी.एड. प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर कुल 1900 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी, कुं. आर.सी. महिला पी.जी. कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज तथा श्री चित्रगुप्त पी.जी. कॉलेज में 380-380 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित