मुंबई , सितंबर 11 -- ी. आर. चोपड़ा की लोकप्रिय प्रस्तुति 'महाभारत' 14 सितंबर से शेमारू टीवी पर प्रसारित होगी। धारावाहिक महाभारत का प्रसारण प्रतिदिन शाम सात बजे किया जाएगा।

धर्म, परिवार, रिश्तों, कर्तव्य और मूल्यों की यह कालजयी गाथा दशकों बाद भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है। धारावाहिक ने परिवारों को एक साथ बैठकर इसे देखने और इसके किरदारों एवं कहानियों पर चर्चा करने का अवसर दिया था। अब शेमारू टीवी के माध्यम से पुरानी पीढ़ी को अपनी यादें फिर जीने और नई पीढ़ी को इस लोकप्रिय प्रस्तुति से जुड़ने का मौका मिलेगा।

भीष्म पितामह की भूमिका निभाने वाले मुकेश खन्ना ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि दशकों पहले निभाया गया किरदार आज भी लोगों की बातचीत का हिस्सा रहेगा। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले दुर्योधन की भूमिका की पेशकश हुई थी, लेकिन वह अर्जुन या कर्ण का किरदार निभाना चाहते थे और अंततः उन्हें भीष्म पितामह की भूमिका मिली। उन्होंने कहा कि इस फैसले ने उनकी जिंदगी बदल दी।

श्री खन्ना ने कहा कि 'महाभारत' केवल टेलीविजन शो नहीं रहा, बल्कि इसके किरदार लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गए थे। उन्होंने शेमारू टीवी पर इसके प्रसारण को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि दर्शकों को अविस्मरणीय यादों को फिर से जीने का अवसर मिलेगा।

युधिष्ठिर की भूमिका निभाने वाले गजेंद्र चौहान ने कहा कि इस किरदार की मौजूदगी कहानी में हमेशा महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि शेमारू टीवी पर 'महाभारत' की वापसी उनके लिए उन किरदारों और यादों की वापसी भी है, जिन्हें दर्शकों ने वर्षों से अपने दिल में संजोकर रखा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित