चंडीगढ़ , सितंबर 16 -- राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की 'अपराजिता-परांग ला 2026' अखिल भारतीय महिला उच्च पर्वतीय लंबी ट्रेकिंग अभियान में देशभर से चुनी गई 20 महिला कैडेटों ने सफलतापूर्वक अभियान पूरा किया।
लद्दाख के करजोक में बुधवार को एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वात्स और रक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव दीप्ति मोहिल चावला ने अभियान के समापन कार्यक्रम में कैडेटों का स्वागत किया।
कैडेटों ने हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी और लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र को जोड़ने वाले 5,578 मीटर ऊंचे पारंग ला दर्रे को पार किया। करीब 250 किलोमीटर की यह यात्रा 30 दिनों में पूरी की गयी, जिसमें ग्लेशियरों, बर्फीले क्षेत्रों और नदी घाटियों वाले दुर्गम उच्च पर्वतीय इलाकों से होकर गुजरना पड़ा।
अधिकारियों, प्रशिक्षकों, चिकित्सा कर्मियों और सहयोगी दल के साथ कैडेटों ने हिमाचल प्रदेश के किब्बर से लद्दाख के करजोक तक ट्रेक पूरा किया। अभियान को 18 अगस्त को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नयी दिल्ली से रवाना किया था।
अभियान के सफल समापन पर एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वात्स ने कैडेटों और अभियान दल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और धैर्य विकसित करने में मदद करती हैं।
अभियान का उद्देश्य युवा महिलाओं की साहसिक गतिविधियों में भागीदारी को बढ़ावा देना और उन्हें चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों का अनुभव प्रदान करना था। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आए कैडेटों को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना भी अभियान का उद्देश्य था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित