कोलकाता , जुलाई 29 -- पश्चिम बंगाल में अवैध बालू माफिया के खिलाफ कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में एक प्रमुख ठिकाने पर छापेमारी कर 5.5 करोड़ रुपये की नकदी एवं 15 किलोग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी गिनती अभी जारी है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 'एक्स' पर यह जानकारी दी।

खुफिया जानकारी के आधार पर की गयी इस सटीक कार्रवाई में अवैध बालू माफिया तुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के पास से अवैध रूप से जमा की गयी बेहिसाब संपत्ति का खुलासा हुआ है।

श्री अधिकारी ने 'एक्स' पर इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कानून प्रवर्तन कर्मियों बालू माफिया पर की गयी की यह कार्रवाई सराहनीय है। उन्होंने इस त्वरित, पेशेवर और निर्णायक कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के डीजीपी, बीरभूम के पुलिस अधीक्षक और बीरभूम जिला पुलिसकर्मियों की सराहना की।

श्री अधिकारी ने कहा, "भ्रष्टाचार के खिलाफ पश्चिम बंगाल सरकार का यह अभियान जारी रहेगा और शून्य सहनशीलता हमारी मार्गदर्शक नीति बनी रहेगी।" उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों का संदिग्ध इतिहास रहा है और जिन्होंने सार्वजनिक संसाधनों के दोहन एवं तत्कालीन सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के साथ साठगांठ कर संपत्ति जमा की है, उन्हें बख्शा नहीं जायेगा। जनता की संपत्ति लोगों की है और इसे लूटने वालों के खिलाफ कानून की पूरी ताकत से कार्रवाई की जायेगी। माफिया सिंडिकेट पर इस प्रकार की कड़ी कार्रवाई और सतर्कता आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित