गौतमबुद्धनगर , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर की साइबर अपराध थाना पुलिस ने बीमा पॉलिसी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नोएडा से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लैपटॉप, चार स्मार्टफोन और चार की-पैड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा विभिन्न राज्यों के लोगों से करीब 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का खुलासा हुआ है।
मंगलवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि, गत सोमवार को संकलित अभिसूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए बीमा पॉलिसी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो अभियुक्तों अमिरुद्दीन पुत्र सिराजुद्दीन और मुशीर अंजुम पुत्र नुरुल हसन को नोएडा से गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि वे खुद को प्रतिष्ठित बीमा कंपनियों का एजेंट बताकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद बीमा पॉलिसी में अधिक मुनाफा, बोनस और मैच्योरिटी का झांसा देकर लोगों से अलग-अलग बैंक खातों में धनराशि जमा कराते थे। ठगी के बाद आरोपी इस्तेमाल किए गए मोबाइल सिम कार्ड तोड़कर फेंक देते थे, ताकि पुलिस उनकी पहचान तक न पहुंच सके।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अब तक विभिन्न म्यूल बैंक खातों के माध्यम से करीब 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की रकम हासिल की है। इन बैंक खातों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर सात शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें तमिलनाडु से दो, महाराष्ट्र से एक और ओडिशा से चार शिकायतें शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित