भरतपुर , अप्रैल 13 -- राजस्थान के धौलपुर में बीमा क्लेम फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पहले मामले में ट्रैक्टर पुलिस की जब्ती में था इसके बावजूद उसे दूसरे मामले में सड़क दुर्घटना में शामिल दिखाकर क्लेम लेने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस पूरे प्रकरण में वाहन मालिक, ड्राइवर और कुछ अन्य व्यक्तियों ने बीमा कंपनी से बड़ी राशि का मुआवजा प्राप्त करने के लिए झूठी एफआईआर और फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रस्तुत किए।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के नाम वाहन मालिक चंद्र प्रकाश निवासी पुरानी छावनी और दिलीप निवासी हिन्नोदा बताये है।

गौरतलब है कि एक ही ट्रैक्टर को अलग-अलग हादसों में दिखाकर बीमा कंपनी से लाखों रुपए का अवैध क्लेम लेने की कोशिश की गई। पहली घटना थाना सदर में 30 मार्च 2025 के तहत दर्ज की गई थी जबकि दूसरी घटना कोतवाली थाना में दर्ज हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित