हमीरपुर , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले की ललपुरा थाना पुलिस ने दो दिन पहले बरामद महिला के शव के मामले का खुलासा करते हुए पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा है कि बीमा क्लेम की रकम हासिल करने के उद्देश्य से आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत महिला की वाहन से कुचलकर हत्या की।
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद वर्मा ने शनिवार को बताया कि 29 जुलाई को ललपुरा थाना क्षेत्र के पौथिया गांव के पास एक महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान रीता, पत्नी अमर सिंह, निवासी ग्राम बमरौली, थाना मौदहा, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई थी।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को मृतका के पिता सर्वेश गुप्ता, निवासी राजपुर, जनपद कानपुर देहात की तहरीर पर दामाद अमर सिंह और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अमर सिंह से पूछताछ की, जिसमें उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, अमर सिंह और उसके साथियों पर काफी कर्ज था। पूछताछ में सामने आया कि अमर सिंह ने अपनी पत्नी का एक जीवन बीमा कराया था, जिसमें मृत्यु होने पर बीमा राशि मिलने का प्रावधान था। पुलिस का आरोप है कि इसी रकम को प्राप्त करने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, अमर सिंह ने अपने साथियों अमित गुप्ता निवासी राजपुर (कानपुर देहात), पुष्पेंद्र सोनी निवासी ग्राम ग्योडी, थाना खन्ना (जनपद महोबा) तथा अभय सिंह निवासी कंसपुर, थाना कल्याणपुर (जनपद फतेहपुर) के साथ मिलकर योजना बनाई। बीमा की राशि का बंटवारा भी पहले से तय कर लिया गया था।
जांच के अनुसार, अमर सिंह अपनी पत्नी को ललपुरा क्षेत्र के पौथिया गांव के पास ले गया, जहां उसके साथियों ने अर्टिगा वाहन से उसे टक्कर मारी। पुलिस का आरोप है कि महिला के गिरने के बाद आरोपियों ने उसे सड़क किनारे लाकर वाहन से कई बार कुचला, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
पुलिस टीमों ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अमित गुप्ता मृतका का चचेरा भाई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित