हरिद्वार , जून, 28 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में बहादराबाद थाना पुलिस ने रविवार को करीब पांच माह पुराने महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर यह सामने आया कि आरोपी ने अपनी बीमार पत्नी को इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी थी। फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस मामले की विवेचना स्वयं बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने की। पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन की मौत स्वाभाविक नहीं, बल्कि उसके पति अफजाल द्वारा इलाज के बहाने पानी में जहर मिलाकर पिलाने के कारण हुई है।

शिकायत के आधार पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पोस्टमार्टम के बाद विसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा। एफएसएल रिपोर्ट में महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी पति की संलिप्तता स्पष्ट होने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित