सागर , जून 11 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र में पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संभावित गंभीर वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्ति मालखेड़ी रोड स्थित अनिल इंडस्ट्रीज की खाली बैरक के बाहर एकत्र होकर बड़ी चोरी एवं डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

मौके पर पांच व्यक्ति झुंड बनाकर बैठे मिले, जो बीना नगर के एक ज्वेलर्स प्रतिष्ठान तथा पेट्रोल पंप में चोरी और डकैती की योजना पर चर्चा कर रहे थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक चाकू, तीन गुलेल, मिर्ची पाउडर, दो हाइड्रोलिक कटर, चार पेचकस, दो तोता पाना, दो कील निकालने के पाना तथा पत्थर के टुकड़ों सहित अन्य सामग्री बरामद की गई, जिनका उपयोग वारदात में किया जाना था।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बीना स्थित सानिया ज्वेलर्स और शाह पेट्रोल पंप को निशाना बनाकर चोरी एवं डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) और 310(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखा सिंह पारदी, कुलदीप मोगिया, मंदू उर्फ नंदकिशोर पारदी, तारा सिंह पारदी तथा गजराज सिंह पारदी के रूप में हुई है। इनमें से चार आरोपी गुना जिले तथा एक आरोपी शिवपुरी जिले का निवासी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित