बीड , अक्टूबर 18 -- महाराष्ट्र के बीड जिले में पंढरपुर-खामगांव पालखी राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटा के पास एक बस और कार की टक्कर हो गई, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक माजलगांव से तुलजापुर जा रहे थे, जहां उन्हें देवी तुलजा भवानी दर्शन करना था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से पिचक गई और बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान ओंकार महादेव गिरी (24), गजानन महादेव नामदास (38), मौली गजानन नामदास (11), सोमनाथ बड़े (23) और अनिल आचार्य (40) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये पांचों लोग कार से तुलजापुर जा रहे थे, तभी शिंदेवाड़ी फाटा के पास उनकी कार बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई, जबकि बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। घटना के बाद शिंदेवाड़ी और आसपास के गांवों के लोगों ने सड़क जाम कर दी। उन्होंने मांग की कि दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील इस हिस्से पर तुरंत सुरक्षा उपाय किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित