ग्वालियर , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बीड़ी जलाते समय गिरी चिंगारी से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की झुलसकर मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार माधौगंज थाना क्षेत्र स्थित शीतला माता मंदिर के पास पान पत्ते की गोठ निवासी काशीराम कुशवाह (70) मंगलवार शाम घर के बाहर बने मंदिर पर बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने लाइटर से बीड़ी जलाई, तभी चिंगारी उनके कपड़ों पर गिर गई और कुछ ही देर में आग भड़क उठी।

बुजुर्ग की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा पानी और कंबल की मदद से आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे काशीराम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित