सहारनपुर , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बीटेक तृतीय वर्ष के एक छात्र के अचानक लापता होने और उसकी कार नहर से बरामद होने के बाद डूबने की आशंका में पुलिस और फायर ब्रिगेड कई घंटों तक उसकी तलाश करती रही। हालांकि छात्र गुरुवार को सकुशल अपने घर लौट आया, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

पुलिस निरीक्षक एच.एन. सिंह ने बताया कि आर्य नगर निवासी जितेंद्र सैनी का पुत्र अभिनव सैनी (21) बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। परीक्षा में असफल होने और कॉलेज की फीस जमा न कराने को लेकर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई थी। इससे नाराज होकर वह घर से चला गया।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान अभिनव की कार चिलकाना नहर से बरामद हुई, जिसके बाद आशंका जताई गई कि वह नहर में कूद गया होगा। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने नहर में व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस जांच में बाद में पता चला कि अभिनव सैनी परिजनों को भ्रमित करने के उद्देश्य से अपनी कार नहर के पास छोड़कर दिल्ली स्थित अपने दोस्तों के पास चला गया था। इस दौरान पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। गुरुवार को अभिनव दिल्ली से सकुशल अपने घर लौट आया, जिससे परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।

पुलिस निरीक्षक एच.एन. सिंह ने बताया कि छात्र की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने में पुलिस की सक्रिय तलाश और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आवश्यक पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित