हैदराबाद , अक्टूबर 15 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने किसानों के कल्याण के लिए बीज क्षेत्र में अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचार को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

मेडचल-मल्कजगिरि जिले के कंदलाकोया में नुजीवीडू सीड्स लिमिटेड के संस्थापक दिवंगत मंडावा वेंकटरमैया के स्मरणोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने गुरूवार को कहा कि कृषि में उच्च पैदावार और बेहतर आजीविका से किसानों के लिए प्रत्यक्ष लाभ में बदला जाना चाहिए।

श्री शुक्ला ने श्री वेंकटरमैया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी स्मृति में एक पौधा रोपा। बीज उद्योग में उनके योगदान को याद करते हुए श्री शुक्ला ने कहा कि श्री वेंकटरमैया ने किसानों की जरूरतों पर ध्यान केंद्रित करके तथा कृषि में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नवाचार को बढ़ावा देकर अपनी दूरदृष्टि और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया था।

किसान को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि खाद्य सुरक्षा के लिए उनके प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पैदावार बढ़ाने और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए मजबूत वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों को व्यापक रूप से अपनाने और उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के विकास का आह्वान किया। इसके साथ ही, उन्होंने कृषि संबंधी चुनौतियों से निपटने तथा किसानों की गुणवत्ता वाले बीजों और आधुनिक कृषि तकनीक तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अनुसंधान संस्थानों, बीज उद्योग और अन्य हितधारकों के बीच सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री शुक्ला ने कहा कि किसी संस्था की दीर्घकालिक सफलता कर्मचारियों और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है। उन्होंने नुजीवीडू सीड्स से अपने संस्थापक के आदर्शों को बनाए रखने और कृषि अनुसंधान, नवाचार तथा किसानों के कल्याण में योगदान जारी रखने का आग्रह किया। इसके अलावा, उन्होंने युवाओं से वेंकटरमैया के जीवन से प्रेरणा लेने और ज्ञान, कड़ी मेहनत, ईमानदारी व दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित