मुंबई , अगस्त 01 -- महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बान ने शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने हिंदुत्व के सिद्धांतों और राजनीतिक आजादी की 'नीलामी' कर दी है।

श्री बान ने भाजपा के प्रांतीय कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री राउत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ निराधार बातें करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने अपना 'मानसिक संतुलन' खो दिया है। उन्होंने जोर दिया कि महाराष्ट्र की जनता ने श्री राउत और उनकी पार्टी को नकार दिया है।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) नेताओं की टिप्पणियों को खारिज करते हुए कहा कि श्री शाह ने देश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाने में अहम भूमिका निभायी है। श्री बान ने आरोप लगाया कि राजनीतिक चुनौतियों से श्री शाह नहीं बल्कि श्री राउत और श्री उद्धव ठाकरे 'भाग गए' थे, जैसा कि वे दावा करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित