बीजापुर/सरगुजा , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर-सरगुजा में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गयी।

इस अवसर पर भव्य रैलियां, आमसभाएं और विचार गोष्ठियों का आयोजन कर बाबा साहब के योगदान को याद किया गया तथा उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया गया। बीजापुर में सर्व समाज की भागीदारी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद नगर में भव्य रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं, महिलाओं और विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आमसभा में वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकता और संवैधानिक अधिकारों पर जोर दिया। पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि समाज यदि शिक्षित और संगठित होगा तो अपने अधिकार स्वतः प्राप्त कर सकेगा। विधायक विक्रम मंडावी ने बाबा साहब के बताए मार्ग को शोषित और वंचित समाज के उत्थान का आधार बताया। इस दौरान प्रतिभावान विद्यार्थियों और समाजसेवियों का सम्मान भी किया गया।

वहीं,सरगुजा में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में विचार गोष्ठी आयोजित कर बाबा साहब के विचारों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को न्याय, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया, जिसे अपनाना आवश्यक है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने संविधान के महत्व और उसके सही उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर प्रभात फेरी निकालकर अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई की गई और माल्यार्पण किया गया। दोनों जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित