बीजापुर , फरवरी 13 -- छत्तीसगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के सुरक्षा चिंताओं और दौरा स्थगित करने के स्पष्ट अनुरोध को दरकिनार करते हुए बीजापुर के विधायक विक्रम मण्डावी ने गुरुवार को नक्सल प्रभावित इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र का दौरा किया। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब इस दूरस्थ इलाके में सुरक्षा को लेकर प्रशासन अत्यधिक सतर्क बना हुआ है।

विधायक के मीडिया प्रभारी ने शुक्रवार को पूरे दौरे के बारे यह जानकारी दी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक मंडावी ने भोपालपट्टनम एवं भैरमगढ़ ब्लॉक के अति संवेदनशील वन क्षेत्र में प्रवेश कर पीलूर, छोटे काकलेड, बड़े काकलेड, एडापल्ली, सांड्रा और सागमेटा सहित कई ग्राम पंचायतों का दौरा किया। सूत्रों के अनुसार एसपी बीजापुर ने विधायक के सचिवालय से फोन पर बातचीत में क्षेत्र में संभावित नक्सली खतरे का हवाला देते हुए दौरा टालने का विनम्र अनुरोध किया था, जिसे विधायक ने स्वीकार नहीं किया।

विधायक के आगमन पर इन दूरस्थ बस्तियों में ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। दशकों से उपेक्षित इन आदिवासी बहुल गांवों के लोगों ने विधायक को अपने बीच पाकर लंबित समस्याओं का पिटारा खोल दिया। नेशनल पार्क के दायरे में होने के कारण यहां बुनियादी ढांचे के नाम पर कुछ भी नहीं है। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पक्की सड़क, बिजली, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क, धान खरीदी केंद्र और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर रोष जताया।

इसके अलावा वन अधिकार पट्टों के वितरण में हो रही देरी, तेंदूपत्ता संग्रहण में उचित मूल्य नहीं मिलने और पीढ़ियों से यहां निवासरत परिवारों के विस्थापन की आशंका ने उनकी चिंता बढ़ा रखी है। विधायक ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि यह महज एक औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि उनके संघर्ष में साथ खड़े होने का संकल्प है।

श्री मंडावी ने ग्रामीणों से कहा, "आपकी हर समस्या मेरी समस्या है। मैं सिर्फ़ विधानसभा में ही नहीं, बल्कि सड़क से लेकर सचिवालय तक आपकी आवाज़ बनकर उठूंगा।" उन्होंने कहा कि नेशनल पार्क की बाध्यताओं के चलते विकास को रोका नहीं जा सकता और इस दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि यह वही क्षेत्र है जहां पिछले दिनों सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एसपी के स्तर से दौरे पर आपत्ति के बावजूद विधायक का यह दौरा सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत ताटी, सोमारू कश्यप, मिच्चा मुतैया, अशोक मडे, सुरेंद्र चापा, शैलेश मण्डावी और अरुण वासम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित