बीजापुर , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार शाम आयोजित शिक्षक सम्मान कार्यक्रम के दौरान 50 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के अटल सदन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री महेश गागड़ा और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने सेवानिवृत्त शिक्षकों का माला पहनाकर और भाजपा का गमछा भेंट कर पार्टी में स्वागत किया।

इस अवसर पर पार्टी में शामिल हुए सेवानिवृत्त शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत विकसित और शक्तिशाली राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा वैश्विक स्तर पर देश की भूमिका महत्वपूर्ण हुई है।

महेश गागड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में इन शिक्षकों ने लंबे समय तक शिक्षा के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों का भाजपा के प्रति भरोसा जताना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का पार्टी को लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित