बीजापुर , जून 11 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला पुलिस और परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को मिनी स्टेडियम बीजापुर में स्कूल बस जांच अभियान एवं चालक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में ऑटो संघ और पिकअप संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, यातायात नोडल अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विनीत साहू, यातायात प्रभारी केशव ठाकुर तथा परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
इस दौरान जिला पुलिस, परिवहन विभाग और वाहन संघों के प्रतिनिधियों ने स्कूल बसों की सघन जांच की। जांच में बसों के ब्रेक, लाइट, इंडिकेटर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा दस्तावेज तथा चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर दूर करने के निर्देश संबंधित विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को दिए गए।
कार्यक्रम में ऑटो, पिकअप और बस चालकों को "सुरक्षित सारथी, सुरक्षित सफर" का संदेश देते हुए यातायात नियमों के पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन संचालन, नशामुक्त ड्राइविंग और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
डीएसपी साहू ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और वाहन चालकों की सतर्कता से अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी चालकों से जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ वाहन संचालन करने की अपील की।
यातायात प्रभारी केशव ठाकुर ने भी वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से वाहन संचालन करने वाले चयनित चालकों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में वाहन संघ के पदाधिकारियों ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित