बीजापुर , जुलाई 12 -- ) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र में नक्सली हिंसा में शहीद हुए सहायक आरक्षक सीताराम कडियाम की स्मृति में रविवार को ग्राम काडियाम पारा में निर्मित शहीद स्मारक का अनावरण किया गया।

पुलिस के अनुसार, तीन मई 2023 को नेलसनार-फुंडरी मार्ग पर रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) ड्यूटी के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से सहायक आरक्षक सीताराम कडियाम शहीद हो गए थे। उन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।

पुलिस ने बताया कि उनकी शहादत को चिरस्मरणीय बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम काडियाम पारा में शहीद स्मारक का निर्माण कराया गया, जिसका रविवार को विधिवत अनावरण किया गया।

कार्यक्रम में सरपंच प्रमिला कडियाम, उप सरपंच किशोर नाग, भैरमगढ़ के एसडीओपी नवीन एक्का, थाना नेलसनार के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित