बीजापुर , नवंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मुर्गा लड़ाई की आड़ में संचालित अंतरराज्यीय जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई जुआरियों को पकड़ा है। भोपालपट्टनम विकासखंड के रायगुड़ा गांव में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाखों रुपये की नकदी के साथ मोबाइल फोन और कारें जब्त की हैं।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार रायगुड़ा गांव में मुर्गा लड़ाई के नाम पर बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। यहां छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी राज्यों तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र से भी जुआरी पहुंचकर मोटी रकम का दांव लगा रहे थे। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सुनियोजित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान जुआरियों के भागने के संभावित रास्तों को बंद करने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाई। एक ओर छह चक्का हाइवा और दूसरी ओर पिकअप वाहन खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों दिशाओं से घेराबंदी कर जुए के अड्डे पर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई।

सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई में करीब 20 से 25 लाख रुपये की नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इसके अतिरिक्त कई मोबाइल फोन और चारपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। हालांकि, जब्त नकदी की वास्तविक राशि, वाहनों एवं मोबाइल फोन की संख्या तथा पकड़े गए आरोपियों का विस्तृत विवरण पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से जारी किया जाना शेष है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित