बीजापुर , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों के दौरान माओवादियों के डंप से बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) के कलपुर्जे, ग्रेनेड, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 196वीं बटालियन ने नौ सितंबर को एफओबी ताड़पाल क्षेत्र की पहाड़ियों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 105 बीजीएल राउंड कंपोनेंट, एक बीजीएल नोज, दो लोहे के पाइप, एक एल्युमिनियम पतीला और लेथ मशीन का हैंडल बरामद किया गया।

इससे पहले पांच सितंबर को जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और मिरतुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इंडरीपाल के जंगल में माओवादी डंप से दो ग्रेनेड और पांच तीर बम बरामद किए थे। बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित