बीजापुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम पंचायत भद्रकाली में सोमवार को आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कोत्तूर, चंदूर, भद्रकाली, बामनपुर, अर्जुनल्ली, रुद्रारम, चेरपल्ली और संण्ड्रापल्ली सहित आसपास के गांवों से हजारों ग्रामीण पहुंचे। शिविर में 24 विभागों के स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई और कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक ( एसपी) डॉ जितेन्द्र यादव और जिला पंचायत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नम्रता चौबे ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से श्रमिक पंजीयन, पीएम किसान, महतारी वंदन योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

शिविर में श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, वनाधिकार पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग हितग्राहियों को व्हील चेयर व अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित