बीजापुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री के डंप का पता लगाते हुए 143 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) राउंड बरामद किए हैं।

आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बीते शुक्रवार को उसूर थाना क्षेत्र के पुजारी कांकेर गांव के समीप जंगल और पहाड़ी इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 196वीं वाहिनी तथा 208वीं कोबरा वाहिनी की संयुक्त टीम ने की। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने 143 बीजीएल राउंड के अलावा एक सिंटेक्स भी बरामद किया।

सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि पामेड़ एरिया कमेटी से जुड़े अज्ञात माओवादियों ने पुजारी कांकेर सुरक्षा कैंप से लगभग पांच किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में स्थित पहाड़ी क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर आईजी सेक्टर छत्तीसगढ़ के. कबीब और डीआईजी ऑप्स रेंज बीजापुर बी.एस. नेगी के मार्गदर्शन में संयुक्त अभियान की योजना तैयार की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित