बीजापुर , मई 16 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में दुष्कर्म के एक मामले में कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला को वोटर आईडी कार्ड देने के बहाने अपने घर बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसे अटल आवास स्थित आरोपी के घर बुलाया गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़िता सखी सेंटर पहुंची और वहां अपनी आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों को सूचना देने के बाद सखी सेंटर के माध्यम से वह कोतवाली थाने पहुंची, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 64(2)(एफ) एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और गिरफ्तारी के बाद न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित