बीजापुर , जुलाई 21 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर वनमंडल में वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण एवं नीलामी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। शासन की नई तेंदूपत्ता नीति, गुणवत्तापूर्ण संग्रहण और प्रभावी प्रबंधन के चलते इस वर्ष विभागीय संग्रहित तेंदूपत्ता को पिछले कई वर्षों की तुलना में सर्वाधिक दर प्राप्त हुई है।
वन विभाग द्वारा आज मिली जानकारी के अनुसार, जिला यूनियन बीजापुर की 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से 45 तेंदूपत्ता लॉटों का विभागीय संग्रहण किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ की ओर से आयोजित निविदा प्रक्रिया में व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप 45 में से 36 लॉटों के लिए निविदाएं प्राप्त हुईं। इसे बीजापुर के तेंदूपत्ता की गुणवत्ता तथा विभागीय व्यवस्था पर व्यापारियों के बढ़ते विश्वास का संकेत माना जा रहा है।
नीलामी में चार लॉटों को 10 हजार रुपये प्रति मानक बोरा से अधिक की दर प्राप्त हुई। इसके अलावा आठ लॉटों को नौ हजार रुपये से अधिक, चार लॉटों को आठ हजार रुपये से अधिक, दस लॉटों को सात हजार रुपये से अधिक तथा दस लॉटों को छह हजार रुपये तक प्रति मानक बोरा की दर मिली।
वन विभाग ने बताया कि संग्रहण, उपचारण, भंडारण और नीलामी की पूरी प्रक्रिया के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया। इसका परिणाम बेहतर मूल्य के रूप में सामने आया, जिससे हजारों तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को समय पर संग्रहण पारिश्रमिक मिलने के साथ अतिरिक्त रोजगार भी उपलब्ध हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित