बीजापुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक के बारेंगुड़ा क्षेत्र से महाराष्ट्र जा रहे मजदूरों से भरी एक ओवरलोड पिकअप वाहन गुरुवार सुबह सोमपल्ली के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 35 से 40 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपालपट्टनम ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय पिकअप वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे और वाहन तेज रफ्तार में था। मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायल मजदूर दम्मुर और पेताबोगड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्रामीण मजदूर हर साल बेहतर आमदनी की तलाश में महाराष्ट्र और तेलंगाना की ओर पलायन करते हैं। मिर्ची तोड़ाई जैसे मौसमी कार्यों में उन्हें प्रतिदिन 700 से 800 रुपए तक मजदूरी मिलती है, जिसके चलते वे जोखिम उठाकर भी लंबी दूरी तय करने को मजबूर होते हैं। सीमित संसाधनों और रोजगार के अभाव में मजदूर ठूंस-ठूंस कर भरे वाहनों में सफर करते हैं जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की बात कही जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ओवरलोडिंग और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक और संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायलों के समुचित इलाज और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित