बीजापुर , जून 09 -- छत्तीसगढ़ में कृषि एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने बीजापुर जिले में निजी उर्वरक विक्रेताओं और सरकारी समितियों का मंगलवार को औचक निरीक्षण कर उर्वरकों के स्टॉक, बिक्री अभिलेखों तथा लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर विश्वदीप के निर्देश पर गठित संयुक्त दल ने भोपालपटनम विकासखंड के मद्देड़ स्थित मेसर्स लक्ष्मी मार्केटिंग तथा बालाजी ट्रेडर्स एंड जनरल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान 20-20-0-13, यूरिया एवं टीएसपी उर्वरकों के भौतिक स्टॉक का मशीन में दर्ज स्टॉक से मिलान किया गया।
दल ने उर्वरक विक्रय से संबंधित अनुज्ञप्ति प्रमाण-पत्र, ओ-फॉर्म की वैधता तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री की भी जांच की। इसके अलावा बीज विक्रय लाइसेंस, स्रोत प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जांच में सभी दस्तावेज नियमानुसार पाए गए।
गुणवत्ता परीक्षण के लिए विक्रय केंद्रों के भंडारण से एक यूरिया तथा धान बीज के तीन नमूने एकत्र कर परीक्षण हेतु भेजे गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित