बीजापुर , जून 19 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में कथित अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए रेत माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
बीजापुर विधायक विक्रम मांडवी ने शुक्रवार को यहां आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि बुधवार देर रात मींगाचल नदी में भारी मशीनों और दर्जनों वाहनों की मदद से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह सरकारी राजस्व की चोरी के साथ-साथ प्रशासनिक विफलता का भी उदाहरण है।
मंडावी ने दावा किया कि कथित अवैध खनन स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप तथा थाना क्षेत्र से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद रेत माफिया खुलेआम गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। उन्होंने मामले में कुछ भाजपा नेताओं की भूमिका की जांच की मांग भी की।
विधायक ने कहा कि बिना वैध अनुमति के खनन गतिविधियां खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम तथा राज्य के रेत खनन संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब प्रशासन द्वारा मानसून अवधि में रेत उत्खनन और भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है, तब कथित रूप से यह गतिविधियां किसकी अनुमति से संचालित हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध रेत खनन से नदी तंत्र, पर्यावरण और स्थानीय समुदायों की आजीविका प्रभावित हो रही है। मंडावी ने मुख्यमंत्री से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, संलिप्त व्यक्तियों एवं अधिकारियों पर कार्रवाई करने, मशीनों और वाहनों की जब्ती तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित