बीजापुर , मई 26 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आगामी मानसून और संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर विश्वदीप की अध्यक्षता में मंगलवार को इन्द्रावती सभाकक्ष में आयोजित आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मानसून पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर मुकेश देवांगन ने सभी तहसीलों में वर्षा मापी यंत्रों के नियमित संधारण एवं संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि चिन्हित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयों, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि आपदा की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविरों के लिए सुरक्षित शासकीय भवनों का चिन्हांकन करने, गांवों में कुशल तैराकों की सूची एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध रखने तथा जरूरत पड़ने पर मोटर बोट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार आगामी एक जून से वर्षा की दैनिक रिपोर्ट नियमित रूप से भेजी जाएगी। संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल ने कहा कि बाढ़ अथवा अन्य आपदा की स्थिति में सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और आपसी समन्वय बनाए रखें।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित