बीजापुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन में सहयोग करने की आज अपील की है।

जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहने को कहा गया है। अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र तथा निर्धारित पासपोर्ट आकार का फोटो लाना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान फ्रिस्किंग एवं सुरक्षा जांच की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों को पूर्ण सहयोग करना होगा। परीक्षा कक्ष में केवल पारदर्शी पानी की बोतल, प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र ले जाने की अनुमति रहेगी।

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन, पेन ड्राइव सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह के वस्त्र पहनने तथा मोटे तलवे वाले जूते, आभूषण, घड़ी, बेल्ट एवं धातुयुक्त वस्तुओं से परहेज करने की सलाह दी गई है।

निर्देशों में कहा गया है कि परीक्षा कक्ष में केवल केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्तर पुस्तिका एवं दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के उपयोग अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। किसी प्रकार की सहायता अथवा समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी केंद्राध्यक्ष या पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए समय एवं नियमों का पालन करने तथा निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित