बीजापुर , सितंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भोपालपटनम थाना क्षेत्र के नीलमडगु जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद का डंप बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, भोपालपटनम थाना पुलिस को एक सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नीलमडगु के जंगल में नदी किनारे संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और भोपालपटनम थाना पुलिस की संयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान नीलमडगु के जंगल में नदी किनारे एक कटे हुए पेड़ के खोखले हिस्से में छिपाकर रखा गया हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
बरामद सामग्री में एक 12 बोर का देशी कट्टा, एक टूटी हुई बीजीएल राइफल, आठ बीजीएल सेल, 12 बोर के 10 जिंदा कारतूस, तीन सेल कैप, एक पेंचिस और एक पिट्ठू बैग शामिल है। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर ली है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में एसडीओपी भोपालपटनम घनश्याम कामड़े, थाना प्रभारी मुकेश पटेल, डीआरजी बीजापुर, बीडीएस टीम और भोपालपटनम थाना बल शामिल रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित