बीजापुर , मई 09 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नवपदस्थ कलेक्टर विश्वदीप ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
इसके बाद उन्होंने इन्द्रावती सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और वर्तमान चुनौतियों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि बीजापुर जैसे चुनौतीपूर्ण जिले में अधिकारी एवं कर्मचारी बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में वर्तमान में संचालित सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों की समीक्षा करते हुए शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक लाभान्वित हो सकें। उन्होंने शिविरों में प्राप्त प्रकरणों के मौके पर निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर ने ''बस्तर मुन्ने'' और ''नियद नेल्लानार 2.0'' अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शिविरों के दौरान पात्र हितग्राहियों की पहचान कर तत्काल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना 2026 की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
बैठक में अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित