बीजापुर , जुलाई 25 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 30 जुलाई को विशेष ग्रामसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें 16वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) का अनुमोदन किया जाएगा। ग्रामसभा में पंचायतों की विकास योजनाओं को अंतिम रूप देने के साथ प्राथमिकता वाले विकास कार्यों पर भी निर्णय लिया जाएगा।
शनिवार को आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सामान्य क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा-6 तथा अनुसूचित क्षेत्रों में अधिनियम की धारा 129(ख) के प्रावधानों के तहत विशेष ग्रामसभाएं आयोजित होंगी। इन बैठकों में ग्राम पंचायत विकास योजना को ग्रामसभा की स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
ग्रामसभाओं में वीबीजीआरजी के अंतर्गत प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। इनमें बालिका विद्यालयों एवं पीएमश्री विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण, जल संरक्षण के लिए सूखे अथवा कम जल वाले बोरवेल के समीप इंजेक्शन वेल रिचार्ज पिट का निर्माण, जर्जर अथवा अनुपलब्ध मुक्तिधामों के स्थान पर नए मुक्तिधाम का निर्माण तथा शासकीय उचित मूल्य दुकानों के लिए खाद्यान्न भंडार निर्माण शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त उपलब्ध भूमि पर वृक्षारोपण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, धरसा सड़क, विद्यालयों में पुस्तकालय, शासकीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तथा अन्य अनुमेय विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव भी ग्रामसभा में पारित किए जाएंगे। इन प्रस्तावों के आधार पर वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना को अंतिम स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित