भुवनेश्वर , नवंबर 10 -- ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के गृह जिले क्योंझर के बसंतपुर में संथाल आदिवासी समुदाय के एक पवित्र पूजा स्थल पर हुई तोड़फोड़ की निंदा करते हुए पार्टी ने राज्य में मूल निवासी समुदायों की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी है।
बीजद अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक के निर्देश पर पूर्व मंत्री और पार्टी के आदिवासी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुदाम मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को स्थिति का जायजा लेने के लिए घासीपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बसंतपुर गांव का दौरा किया।
पार्टी के अनुसार गत 23 अक्टूबर को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संथाल समुदाय के पारंपरिक पूजा स्थल 'जहेर थान' (जहेरा) पर हमला किया। हमलावरों ने इस पवित्र स्थल में तोड़फोड़ की, धार्मिक अनुष्ठानों में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं को नुकसान पहुंचाया, पारंपरिक रीति-रिवाजों में बाधा डाली और आदिवासी समुदाय के महिला समेत सभी सदस्यों को धमकाया। इस घटना ने संथाल समुदाय की धार्मिक स्वतंत्रता, सदियों पुरानी परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
बीजद नेताओं ने अपने दौरे के दौरान प्रभावित परिवारों, बुजुर्गों, महिलाओं और संथाल समुदाय के अन्य सदस्यों से बातचीत की, ताकि उनकी शिकायतों को समझा जा सके और घटना के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी जुटायी जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने गांव के मौजूदा हालात का भी जायजा लिया।
प्रतिनिधिमंडल ने इन आरोपों पर चिंता जताते हुए जोर दिया कि आदिवासी समुदायों की धार्मिक प्रथाओं, सांस्कृतिक विरासत और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मूल निवासी समुदायों को बिना किसी डर, दबाव या दखल के अपने पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों का पालन करने की आजादी होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित