भुवनेश्वर , अगस्त 3 -- ओडिशा की विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने पुरी की प्रसिद्ध वार्षिक रथयात्रा को यूनेस्को की 'अमूर्त सांस्कृतिक विरासत' सूची में नामांकित कराने के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आग्रह को 'प्रचार स्टंट' करार दिया।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को केंद्र को पत्र लिखकर रथयात्रा को यूनेस्को का दर्जा दिलाने की सिफारिश करने की मांग की है, वहीं बीजद ने भी तत्काल मोर्चा खोलते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पहले से ही विश्व प्रसिद्ध है। इसे किसी औपचारिक टैग की जरूरत नहीं है। इसकी जगह सरकार को उत्सव के दौरान लगातार हो रही अव्यवस्थाओं और हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
एक बयान में, बीजद प्रवक्ता और मीडिया समन्वयक डॉ लेनिन मोहंती ने कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आयी है, वह बिना गड़बड़ी वाली रथयात्रा सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने पिछले तीन वर्षों के दौरान हुई कई घटनाओं का हवाला दिया, जिनमें भीड़ प्रबंधन की समस्याएं, रीति-रिवाजों में व्यवधान और आड़प मंडप की पहंडी शोभायात्रा के दौरान भगवान बलभद्र की मूर्ति का गिरना आदि शामिल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मूर्ति गिरने की घटना की जांच के सरकारी आदेश के बावजूद रिपोर्ट को अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
श्री मोहंती ने कहा, "सरकार हर साल त्रुटिहीन रथयात्रा कराने का वादा करती है, लेकिन घटनाएं लगातार हो रही हैं। सरकार को यूनेस्को का टैग हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यह त्योहार बिना किसी खामी के आयोजित हो।"बीजद नेता ने यह भी आरोप लगाया कि यूनेस्को के प्रस्ताव का उद्देश्य हाल की रथयात्राओं के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं और खामियों से जनता का ध्यान भटकाना है।
'पखाला दिवस' के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने के राज्य सरकार के पिछले प्रयास से इसकी तुलना करते हुए श्री मोहंती ने उस पहल को भी 'सस्ते प्रचार' का जरिया बताया और इस पर हुए सरकारी खर्च पर सवाल उठाये।
भगवान जगन्नाथ के रथोत्सव के सांस्कृतिक महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि रथयात्रा को पहले से ही वैश्विक पहचान हासिल है और यह दुनिया भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और वार्षिक उत्सव का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना होना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित