भुवनेश्वर , जुलाई 10 -- ओडिशा के मुख्य विपक्षी दल बीजू जनता दल ने शुक्रवार को 'सोशल टॉक' नामक एक सोशल मीडिया पेज के खिलाफ़ कैपिटल पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराया है। उसने आरोप लगाया है कि इसमें बीजद अध्यक्ष और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक को बदनाम करने के लिए एआई-निर्मित डीपफेक वीडियो अपलोड किया।

यह शिकायत पार्टी के छात्र संगठन, बीजू छात्र जनता दल ने दर्ज कराई है। इसमें श्री पटनायक और पूर्व आईएएस अधिकारी वी.के. पांडियन को निशाना बनाकर कथित रूप से छेड़छाड़ कर कंटेंट बनाने और उसे फैलाने के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ सख़्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रीति प्रकाश नायक नामक व्यक्ति ने कथित रूप से नौ जुलाई को 'सोशल टॉक' नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से यह वीडियो अपलोड किया था। बीजद का आरोप है कि वीडियो में एआई-निर्मित डीपफेक दृश्यों के साथ-साथ अपमानजनक एवं अभद्र भाषा का उपयोग किया गया है जिसका मकसद जनता को गुमराह करना और पूर्व मुख्यमंत्री की छवि खराब करना है।

बीसीजेडी ने दावा किया कि इस कंटेंट में मनगढ़ंत दृश्यों एवं गुमराह करने वाली बातों द्वारा श्री पटनायक की निजी छवि को खराब करने की कोशिश की गई है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो में वेनेजुएला के भूकंप प्रभावित इलाके में वी.के. पांडियन के दौरे का मज़ाक उड़ाया गया है और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

बीजद ने कहा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का डीपफेक वीडियो बनाने एवं फैलाने के आरोप में पहले एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया जा चुका है इसलिए ऐसे सभी मामलों में कानून समान रूप से लागू होना चाहिए।

बीजद ने पुलिस से नायक के खिलाफ़ मामला दर्ज करने, उसका इंस्टाग्राम अकाउंट ज़ब्त करके उसकी जांच करने, सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से कथित डीपफेक वीडियो हटाने और इस कंटेंट को बनाने या फैलाने में शामिल सभी लोगों की पहचान करके उनके खिलाफ़ कार्रवाई करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित