भुवनेश्वर , मई 13 -- बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हाजी मोहम्मद अयूब खान का बुधवार सुबह लंबी बीमारी के बाद कांटाबांजी स्थित उनके आवास पर निधन हो गया।

वह 78 वर्ष के थे।

श्री खान पहली बार 2004 में एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में कांटाबांजी विधानसभा क्षेत्र से ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गये थे। बाद में वह बीजू जनता दल में शामिल हो गये और 2014 में उसी निर्वाचन क्षेत्र से बीजद उम्मीदवार के रूप में फिर से निर्वाचित हुये।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता एवं बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह कांटाबांजी के पूर्व विधायक अयूब खान के निधन से अत्यंत दुखी हैं।

श्री माझी ने उन्हें एक अनुभवी जन-प्रतिनिधि बताते हुये कहा कि श्री अयूब खान को लोगों की सेवा के लिए हमेशा याद रखा जायेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्री पटनायक ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह श्री अयूब खान के निधन से बहुत दुखी हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कुशल संगठनकर्ता और समर्पित जनसेवक खो दिया है। क्षेत्रीय विकास और जनकल्याण में उनका योगदान हमेशा याद रखा जायेगा। श्री अयूब खान का निधन जनसेवा और कांटाबांजी क्षेत्र के विकास को समर्पित एक प्रभावशाली राजनीतिक जीवन के अंत का प्रतीक है।

श्री पटनायक ने श्री खान के पुत्र डॉ. अमजद अली खान से बात करते हुये परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित