मुंबई , जुलाई 16 -- मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को गुरुवार सुबह ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने परिसर की व्यापक तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलने के तुरंत बाद मुंबई पुलिस और बम पहचान एवं निपटान दस्ते (बीडीडीएस) की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच की। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच के बाद धमकी को फर्जी करार दिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञ ई-मेल और उससे जुड़े तकनीकी विवरणों का विश्लेषण कर उसके स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित