जालंधर , जुलाई 26 -- पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए जालंधर से एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई प्रायोजित है और इसे विदेश में बैठे हैंडलरों के इशारे पर संचालित किया जा रहा था।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर ग्रामीण पुलिस के संयुक्त अभियान में आरोपी के कब्जे से 1.3 किलोग्राम उच्च क्षमता वाले विस्फोटक से तैयार एक देसी बम (आईईडी) बरामद किया गया। आईईडी में कीलें और बॉल बेयरिंग भी भरे गए थे, इससे पता चलता है कि इसका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर जनहानि और सार्वजनिक शांति भंग करने के उद्देश्य से किया जाना था।

पुलिस ने बताया कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया गया और अनेक निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकी। इस मामले में थाना पतारा, जिला जालंधर ग्रामीण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पंजाब पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान विदेश में बैठे हैंडलरों, स्थानीय सहयोगियों तथा इस आतंकी साजिश से जुड़े सभी आगे और पीछे के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित