जयपुर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज़्यादा तस्वीरें हटवाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की निगरानी में एक युवा कलाकार की कला का गला घोंटा गया हैं जो निंदनीय है।

श्री गहलोत ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि बीकानेर हाउस राजस्थान सरकार की संपत्ति है। यानी भाजपा सरकार की निगरानी में एक युवा कलाकार की कला का गला घोंटा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में कई तस्वीरें दिल्ली के युवा आंदोलनों की थी। भाजपा को सबसे ज़्यादा डर उसी सच से लगता है जो जनता के सामने आ जाए। जो सरकार एक फोटो प्रदर्शनी से घबरा जाए, वह इन आंदोलनों के दौरान उठाए गए अनुचित कदमों को छिपाना चाहती है।

उन्होंने कहा कि रेहान वाड्रा को तिरंगे की दो तस्वीरों को हटाने के लिए कहा गया परन्तु उन्होंने तिरंगे वाली तस्वीरें हटाने से साफ़ इनकार कर दिया। उनकी यह दृढ़ता सराहनीय है। उन्होंने दिखा दिया कि तिरंगे के सम्मान पर कोई समझौता नहीं हो सकता।

श्री गहलोत ने कहा कि कलाकारों की आवाज़ दबाना लोकतंत्र पर सीधा हमला है। यह सेंसरशिप का स्पष्ट उदाहरण है। भाजपा सरकार जवाब दे कि सच्चाई बयां करने वाली तस्वीरें क्यों हटाई गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित