बीकानेर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में बीकानेर संभाग के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के उत्कृष्ट कार्यों का प्रदर्शन और विशिष्ट उत्पादों की बिक्री को प्रोत्साहित करने तथा सहकारी आंदोलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर से तीन नवंबर तक बीकानेर संभाग स्तरीय सहकार मेले का आयोजन जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में आयोजित किया जायेगा।

सहकारी समितियों के अतिरिक्त पंजीयक संजय गर्ग ने शुक्रवार को बताया कि बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अनूपगढ़ और चूरू जिले की जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार, क्रय विक्रय सहकारी समितियां, प्राथमिक भंडार, जिला डेयरी, विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य सहकारी समितियों द्वारा अपने-अपने विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय एक ही स्थान पर किया जायेगा।

जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने सहकार मेला-2026 में सुलभ और सुचारू व्यवस्थाएं, पर्याप्त प्रचार-प्रसार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही समस्त विभागाध्यक्षों को मेले में सहभागिता और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

केंद्रीय सहकारी बैंक बीकानेर के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि बीकानेर संभाग स्तरीय सहकार मेला-2026 में आने वाले ग्राहकों के लिए विशेष लाभदायक योजनाएं, आकर्षक उपहार एवं उपहार लकी ड्रा कूपन के माध्यम से वितरित किये जायेंगे। पांच सौ रुपए की खरीद करने वाले ग्राहकों को आकर्षक उपहारों का वितरण लक्की ड्रा कूपन के माध्यम से किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित