बीकानेर , सितम्बर 06 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बीकानेर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया।

गोकुल चौक से शुरू हुए रोड शो में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में आमजन उमड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा करके उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय लोग काफी उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा निकायों के समग्र एवं सुनियोजित विकास के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी है और राज्यभर में पार्टी को जनता का अपार समर्थन एवं विश्वास मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की ट्रिपल इंजन सरकार नगर निकायों के संकल्प पत्र के प्रत्येक वायदे को पूरा करेगी।

श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और गुंडों का बोलबाला था वहीं, भाजपा सरकार ने पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए करीब 600 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया। कांग्रेस के शासन में चुनावी वायदे केवल घोषणाओं तक सीमित रहे और भाजपा सरकार अपने संकल्पों को धरातल पर उतार रही है।

उन्होेंने कहा कि दशकों से लंबित पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी), यमुना जल समझौता, नर्मदा परियोजना और इंदिरा गांधी एवं गंगनहर योजना जैसे विकास कार्य मूर्त रूप ले रहे हैं। एक लाख 89 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं, एक लाख 22 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक भर्तियां निकाली हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक जनता की समस्याओं की अनदेखी की, जबकि भाजपा जनसेवा और विकास की राजनीति करती है। जनता डबल इंजन सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने कहा कि विकसित बीकानेर से विकसित राजस्थान और विकसित राजस्थान से विकसित भारत का सपना साकार होगा।

रोड शो के बाद श्री शर्मा ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के विकास संकल्प और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, विधायक जेठानंद व्यास, सिद्धि कुमारी, विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत सहित भाजपा के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित