ग्वालियर , सितंबर 30 -- भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने इस वर्ष देशभर में एक लाख से अधिक नए 4जी टावर साइट स्थापित किए हैं। दूरसंचार अधोसंरचना के विस्तार के लिए आगामी पांच वर्षों में करीब 77 हजार करोड़ रुपये के निवेश से दो लाख नए 4जी साइट स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। यह जानकारी बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक राजेश कुमार ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी।
श्री कुमार ने बताया कि बीएसएनएल मोबाइल और टेलीफोन सेवाओं में उपभोक्ताओं का भरोसा बना चुका है। विश्वसनीय और किफायती सेवाओं के साथ देशभर में स्वदेशी तकनीक से दूरसंचार सेवाओं के विस्तार, स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने तथा डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बीएसएनएल स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम 'कनेक्टिंग भारत, एमपावरिंग भारत' निर्धारित की गई है। बीएसएनएल ने इस वर्ष एक लाख से अधिक नए 4जी टावर साइट स्थापित किए हैं। आगामी पांच वर्षों में करीब 77 हजार करोड़ रुपये के निवेश से दो लाख नए 4जी साइट स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। देशभर में 5जी सेवाओं के विस्तार की योजना पर भी काम जारी है। इसके लिए चालू वित्त वर्ष के बजट में करीब 28 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
प्रधान महाप्रबंधक ने बताया कि बीएसएनएल की वित्तीय स्थिति में भी सुधार दर्ज किया गया है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का राजस्व पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में अधिक रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च गति वाली ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए भारतनेट चरण-3 परियोजना में बीएसएनएल परियोजना प्रबंधन सलाहकार के रूप में कार्य कर रहा है।
ग्वालियर में दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र की स्थापना दूरसंचार विभाग और मध्यप्रदेश सरकार के बीच अनुबंध सहयोग से की जा रही है। करीब 170 एकड़ भूमि में प्रस्तावित इस क्षेत्र की अनुमानित लागत करीब 493 करोड़ रुपये है। अब तक 24 कंपनियों की ओर से करीब 5,500 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी प्राप्त हुई है। इससे करीब 18 हजार नए रोजगार सृजित होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि ग्वालियर में बीएसएनएल नेटवर्क को मजबूत करने और सेवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए एकीकृत निविदा प्रक्रिया जारी की गई है। उपभोक्ताओं को किफायती दूरसंचार और एफटीटीएच सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीएसएनएल द्वारा फ्रीडम प्लान तथा एफटीटीएच के 449 रुपये वाले प्लान पर विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं। फ्रीडम प्लान में एक रुपये में 24 दिन तक प्रतिदिन एक जीबी डाटा, प्रतिदिन 100 एसएमएस और अनलिमिटेड कॉलिंग सुविधा दी जा रही है, जबकि एफटीटीएच के 449 रुपये वाले प्लान पर प्रथम माह का बिल नि:शुल्क और अगले तीन माह तक 100 रुपये की छूट दी जा रही है।
इस अवसर पर उपमहाप्रबंधक महेन्द्र श्रीवास्तव, राजवीर सिंह दिनकर, एजीएम आरकेएल रायकवार, आईएफए सुनील राणा, उपलेखा नियंत्रक मनोज यादव, मुख्य लेखाधिकारी आलोक तिवारी, सहायक महाप्रबंधक विपणन भूपेश शाक्य, एजीएम केके बादल, धीरज शर्मा, एसडीआरए हरिओम शिवहरे और पीआरओ राजेश बाथम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित